
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित होते ही फतेहपुर जनपद के लिए गर्व की खबर सामने आई। एस.एस. इंटर कॉलेज मुस्तफापुर हुसैनगंज के मेधावी छात्र हर्षित तिवारी ने 578 अंक प्राप्त कर पूरे उत्तर प्रदेश में 9वां स्थान हासिल किया। छात्र की इस शानदार सफलता से परिवार, विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
हर्षित तिवारी, विनोद कुमार तिवारी एवं नीलू तिवारी के पुत्र हैं तथा लालीपुर गांव के निवासी हैं। उनके पिता खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद हर्षित ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अध्ययन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।
परिणाम घोषित होते ही हर्षित के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की, वहीं गांव व कस्बे के लोगों ने भी छात्र को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने इसे संस्था के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
हर्षित तिवारी ने बताया कि उनका सपना आगे की पढ़ाई पूरी कर इंजीनियर बनने का है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया।

इसी विद्यालय की छात्रा रिंकी देवी, पुत्री दुर्गेश कुमार निवासी महादेपुर, ने 573 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 7वां स्थान प्राप्त किया। वहीं अभिषेक यादव, पुत्र श्याम सिंह निवासी भागूपुर, ने 572 अंक हासिल कर प्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त किया।
तीनों विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सफलता से फतेहपुर जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन मेधावी छात्रों की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा साबित होगी।



