एक ही रात में दो घरों के ताले टूटे, लाखों के जेवर-नकदी चोरी से गांव में दहशत

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

असोथर थाना क्षेत्र के ऐझी गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो सूने घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी पार कर दी। लगातार दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ऐझी गांव निवासी जरीना पत्नी खलील गेहूं कटाई के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान रात में चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बक्सा व अलमारी खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात तथा हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। सुबह जब जरीना घर लौटीं तो दरवाजे का टूटा ताला देखकर सन्न रह गईं। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कीमती सामान गायब मिला। पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी है।
इसी रात गांव में दूसरी वारदात रहीश के घर में हुई। रहीश रोज़गार के सिलसिले में बंगलौर गया हुआ है। उसकी पत्नी सबाना अकेले होने के कारण दूसरे मकान में सोने चली गई थी। घर सूना पाकर चोरों ने ताला तोड़ दिया और बक्से का लॉक तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह सबाना जब घर पहुंची तो चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!