
आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।
वाराणसी जंक्शन पर गुरुवार को रेल संचालन से जुड़ी संरक्षा एवं सुरक्षा विषयक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ मंडल, उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) पवनीश काटल ने की। सेमिनार में रेल संचालन के दौरान अपनाई जाने वाली विभिन्न सुरक्षा प्रक्रियाओं पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों व रनिंग स्टाफ को लाइन क्लियर देने, सुरक्षित शटिंग, सतर्कता आदेशों का अनुपालन, खाली गाड़ियों का सुरक्षित स्टेबलमेंट, गेट खोलने-बंद करने के सुरक्षित तरीके, ब्लॉक देना व रद्द करना जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही कोहरे के मौसम में संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, यातायात निरीक्षक पंकज सिंह, यातायात निरीक्षक दीवारकर उपाध्याय, स्टेशन अधीक्षक उदय प्रताप सिंह सहित करीब पचास कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कर्मचारियों को सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
