आपकी खबरें न्यूज,
चंदौली वाराणसी संवाददाता।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) में शीतकालीन मौसम के दौरान पूर्णतः संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित रखने हेतु सतर्कता और कार्य व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना द्वारा 27 एवं 28 नवम्बर 2025 की दरम्यानी रात में डीडीयू-सासाराम रेलखंड पर औचक रात्रिकालीन फुटप्लेट निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा दो ट्रेनों के इंजन में लोको पायलट के साथ फुटप्लेट निरीक्षण किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा 27 नवम्बर की रात लगभग 23:25 बजे से ट्रेन संख्या 12398 नई दिल्ली-गया महाबोधि एक्स्प्रेस पर डीडीयू से सासाराम तक फुटप्लेट निरीक्षण किया गया। अगले दिन 28 नवम्बर को रात में लगभग 01:23 बजे से ट्रेन संख्या 12942 आसनसोल- भावनगर पारसनाथ एक्स्प्रेस पर सासाराम से डीडीयू तक फुट प्लेट निरीक्षण किया गया। इन निरीक्षणों के बीच मंडल रेल प्रबंधक ने सासाराम स्टेशन पर निरीक्षण कर स्टाफ की तैनाती, सजगता व सतर्कता, कार्यप्रणाली और रेल संचालन की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि क्रू सतर्क थे और सिगनलों का उचित कॉल-आउट कर रहे थे। पीला संकेत मिलने के बाद प्रतिबंधित गति का पालन किया गया तथा सहायक लोको पायलट द्वारा भी लगातार संबंधित संकेतों की घोषणा की गई। स्टेशन स्टाफ और ट्रेन संचालन स्टाफ के बीच “ऑलराइट” का आदान-प्रदान सही तरीके से किया गया। शीतकालीन मौसम गश्ती दल भी सक्रिय पाया गया।मंडल रेल प्रबंधक ने फुट प्लेट निरीक्षण के दौरान संरक्षा, सिगनलों की दृश्यता, ट्रैक की स्थिति, ओवरहेड ट्रैक्शन, कॉशन ऑर्डर पालन तथा स्टेशन एवं लेवल क्रॉसिंग पर सिगनल एक्सचेंज की प्रक्रिया का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी कार्य संरक्षा मानकों के अनुरूप हों और क्रू सदैव सजगता से कार्य करें। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सभी को संरक्षा को सदैव सर्वोपरि रखते हुए सुचारू रेल परिचालन सुनिश्चित रखने हेतु निर्देशित किया गया।निरीक्षण के समय वरीय मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) वीरेन्द्र यादव व संबंधित अन्य उपस्थित रहे।
