
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बांदा-टांडा मार्ग (नेशनल हाईवे-232) पर सहनीपुर मोड़ के पास शनिवार शाम एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक हिरण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से घायल हिरण का तत्काल उपचार कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शी एवं स्थानीय निवासी विकास पटेल ने बताया कि क्षेत्र में हिरणों का एक जोड़ा अक्सर दिखाई देता है और शाम के समय वे विचरण के लिए निकलते हैं। शनिवार शाम सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने हिरण को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही विकास पटेल घायल हिरण को अपने कारखाने में ले गए। वहीं, पीकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तथा सहनीपुर के पूर्व प्रधान हीरा पटेल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाकर हिरण का उपचार शुरू कराया।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग को भी घटना की सूचना दे दी है। ग्रामीणों ने हाईवे पर वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

