
आपकी खबरें न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता।
नगर पालिका परिषद चित्रकूट धाम कर्वी की आयोजित बोर्ड बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं के संचालन हेतु लगभग 70 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में नगर के समग्र विकास, साफ-सफाई, सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था तथा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा धार्मिक नगरी चित्रकूट धाम कर्वी के विकास के लिए विभिन्न मदों में करोड़ों रुपये की सौगात दी गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका को सरकार द्वारा ‘बी’ श्रेणी का दर्जा दिए जाने से विकास कार्यों में और तेजी आएगी।
बैठक में पालिका की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पुराने बस स्टैंड में व्यावसायिक परिसर निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। वहीं स्टेशन रोड पर छोटे दुकानदारों के लिए सड़क किनारे व्यवस्थित दुकानों के निर्माण पर भी विचार किया गया। नगर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने, सभी वार्डों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कच्ची गलियों के पक्कीकरण के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किया गया है। जल निकासी व्यवस्था सुधारने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि नगर सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया लगातार जारी है। धनुष चौराहा से शंभू बाबू पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण का कार्य विकास प्राधिकरण को सौंपा गया है। शास्त्री नगर एसडीएम कॉलोनी से शिवपुरी बच्चा जेल तक अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण भी शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा, साथ ही अन्य मार्गों के निर्माण की योजना भी तैयार की गई है।
बैठक में अधिशासी अधिकारी लालजी यादव एवं सफाई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला ने बजट प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान सभासद शंकर प्रसाद यादव, विनय त्रिपाठी, विनीत पयासी, राजा, राजेश, बल्लू निषाद, बद्री, नीतू सिंह, शहजादे भाई, अनुज निगम, शकुंतला गुप्ता, किशन गुप्ता सहित पालिका के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

