
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज क्षेत्र के मालीपुर गांव में भादो मास की द्वितीया तिथि पर स्वर्गीय बाबू राम त्रिपाठी मेमोरियल दंगल कमेटी मालीपुर के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नामी-गिरामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और कुश्ती कला का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।


कुश्ती प्रतियोगिता में हाथरस के रामेश्वर पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पंजाब के नरेश पहलवान उपविजेता रहे। विजेता रामेश्वर पहलवान को दंगल कमेटी की ओर से 51 हजार रुपये की नगद धनराशि एवं चांदी की गदा भेंट कर सम्मानित किया गया।
दंगल देखने के लिए क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण और कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए दर्शकों ने तालियों से उनका हौसला बढ़ाया। दंगल कमेटी ने सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया तथा क्षेत्र की जनता को बड़ी संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।


