
आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।
थाना पहाड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत बकटा बुजुर्ग में शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता ने घर के अंदर साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मायके पक्ष ने विवाहिता की हत्या किए जाने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज जनपद के थाना लालापुर क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुर निवासी लल्लू की पुत्री बंदना देवी का विवाह 29 अप्रैल 2021 को बकटा बुजुर्ग निवासी स्व. प्रेमचंद के पुत्र विष्णु कुमार निषाद के साथ हुआ था। मायके पक्ष के अनुसार विवाह में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया गया था। करीब दो माह पूर्व बंदना ने एक पुत्र को जन्म दिया था।
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे परिवार के लोग घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान बंदना ने घर के अंदर साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों को जानकारी होने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पहाड़ी निशीकांत राय और उपनिरीक्षक जंगबहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मृतका के भाई महादेव पुत्र लल्लू निवासी प्रतापपुर, थाना लालापुर, प्रयागराज ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बहन की हत्या की गई है। उसका आरोप है कि घटना सुबह करीब सात बजे हुई, जबकि मायके पक्ष को इसकी जानकारी दो घंटे बाद करीब नौ बजे दी गई। भाई ने पति विष्णु कुमार, सास केवला, नंद कौशल्या और महिमा पर हत्या का आरोप लगाया है।
प्रभारी निरीक्षक निशीकांत राय ने बताया कि अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। प्रार्थना पत्र मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



