
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के चन्दनापुर (तालिबपुर) में सोमवार शाम शोले फिल्मी सीन जैसी घटना ने ग्रामीणों को चौंका दिया। गांव का 22 वर्षीय रवि कुमार रैदास नशे की हालत में करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसके बाद प्रेमिका से शादी कराने की जिद पर अड़ गया। बार-बार फिल्म शोले के बीरू की तरह चिल्लाता रहा अगर शादी नहीं कराई, तो कूद जाऊंगा, फांद जारूंगा मर जाऊंगा।
ग्रामीणों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन रवि को नशा और जिद दोनों चढ़े हुए थे। वह सिर्फ एक ही बात कह रहा था कि प्रेमिका से शादी न होने पर वह कूदकर जान दे देगा। जब दो घंटे बीत जाने के बाद भी युवक नीचे नहीं उतरा तो लोगों ने पीआरवी डायल 112 को सूचना दी गई। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंचे हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार चतुर्वेदी, असनी चौकी प्रभारी रविकांत और पुलिस टीम ने रवि को समझाकर शांत किया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक के आश्वासन पर युवक टावर से नीचे उतरा।
नीचे आते ही उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। युवक के पिता रंजीत कुमार रैदास को भी थाने बुलाया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्रेम प्रसंग में युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। नीचे उतरने पर उससे पूछताछ की जा रही है।


