
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध ओम घाट भिटौरा पर मंगलवार को गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला मसवानी थाना कोतवाली नगर जनपद फतेहपुर निवासी अजीत यादव (20) पुत्र सुशील यादव अपने मित्रों गुलशन यादव, शिवा यादव तथा पवन कुमार के साथ मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे ओम घाट भिटौरा घूमने और स्नान करने पहुंचे थे। चारों दोस्त घाट से कुछ दूरी पर गंगा किनारे पहुंचे, जहां अजीत यादव नहाने के लिए नदी में उतर गया। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में समा गया। घबराए दोस्तों ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिटौरा चौकी इंचार्ज संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।
काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक को नदी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल फतेहपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। युवक कुछ ही क्षणों में गहरे पानी में चला गया।
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। पंचनामा भरने की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने गंगा स्नान के दौरान लोगों से सावधानी बरतने और गहरे पानी में न जाने की अपील की है।

