भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल, रहें सावधान

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।

गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है। सुबह नौ बजे से शाम 5 बजे तक घर से निकलना दूभर हो रहा है। भीषण उमस और गर्मी बीमारी की वजह बन सकती है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। वहीं डॉक्टरों का कहना क है कि आपकी जरा सी भी लापरवाही आपको अस्पताल पहुंचा सकती है। इसलिये आप घर से तब निकलें जब बहुत जरूरी हो। मई माह में पारा रोजाना 40 से 46 डिग्री के आसपास तक पहुंच जा रहा है। सोमवार से नौ तपा लगने से गर्मी में और इजाफा हुआ है। सुबह – सूर्य भगवान अपना प्रचंड रुप धारण कर के निकले है। जिससे जीवन अस्त-वस्त हो गये है। सड़क पर निकलना दूभर हो रहा है। जरा सी लापरवाही हुई तो अस्पताल के दरवाजे पहुंच सकते है। अस्पतालों में हीट-स्ट्रोक व उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी के चिकित्सकों ने लोगों को अहतियात बरतने की सलाह दी है।
ये बातें हो सकती हैं नुकसानदायक
चिकित्सकों ने सलाह दी कि गर्मी के मौसम में गर्म, तीखे नमकीन, तले पदार्थ, तेज मसाला, मैदा से बने व्यंजन न खाएं। ये पचने में दिक्कत करते हैं। भारी खाद्य पदार्थ अहितकर हैं। इसके अलावा धूप में परिश्रम न करें। व्यायाम कम करें। प्यास न रोकें। वही रेशमी कपड़े पहनना, कृत्रिम सौंदर्य प्रसाधन का प्रयोग करना और प्रदूषित जल का सेवन भी नुकसानदायक हो सकता है।

धूप से करें बचाव जमकर पीये पानी : डॉ. उदय प्रताप सिंह
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उदय प्रताप बताते है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इस समय प्रतिदिन करीब चार से पांच सैकड़ा मरीज आ रहे है। प्रतिदिन लगभग सबसे अधिक बुखार 100, डायरिया (उल्टी-दस्त) 100, पेट और सिर दर्द के 80 मरीज सहित अन्य सम्बन्धित बीमारी के मरीज आते है। अगर लोग सावधानी बरतें तो अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। सुबह और शाम को ही घर से बाहर निकलें। पूरी बांह के कपड़े पहने, जिससे शरीर ढका रहे। पानी का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें।

सतुआ और छाछ का सेवन लाभकारी : डॉ. सुधीर कुमार
आयुष चिकित्सक डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि मई से जुलाई तक हर व्यक्ति को चावल, जौ, मूंग, मसूर, धनिया, जीरा की मात्रा खाने में बढ़ा देनी चाहिए। ठंडे व मीठे पदार्थ खाने चाहिए। बेल का शर्बत, सतुआ, छाछ-मट्ठा आदि का सेवन लाभकारी होता है। खरबूजा, तरबूजा, खीरा, ककड़ी खायें।

डि-हाईड्रेशन से करें बचावः डा मोहित विद्यार्थी
डॉ मोहित विद्यार्थी ने सलाह दी कि इस भीषण गर्मी में तरल पदार्थ गन्ने का जूस, नारियल पानी, नींबू पानी का सेवन ज्यादा करें। अगर पेट दर्द, उल्टी दस्त की समस्या हो तो तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचे। पानी पीने से डि-हाईड्रेशन से बचाव होता है।

गर्भवती महिलाएं अपना विशेष ध्यान रखें: डा. रुबी पाल
महिला चिकित्सक डॉ. रुबी पाल ने गर्भवती महिलाओं को ज्यादा सहूलियत बरतने की सलाह दी। इन महिलाओं को ठंडी चीजों का सेवन ज्यादा करना चाहिए। हरी सब्जियां खाएं फल का सेवन अधिक करें। खाने में सलाद जरूर लें। गर्मी से बचते हुए सुबह-शाम टहलने जाएं।

तले भुने पदार्थ से बनाए दूरी डा. कमल किशोर
डा. कमल किशोर ने बताया कि 25 मई से नौ-तपा लग गये है। जिससे गर्मी और अधिक बढ़ गई है। इस गर्मी के मौसम में तेल मसालों से परहेज़ करें तली भुनी चीजो का सेवन कम करें बाजार में बिकने वाले ठंडे पेय पदार्थों से दूर रहें।

error: Content is protected !!