
आपकी खबरें न्यूज,
बांदा संवाददाता।
भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में तेज गर्मी व लू चलने की संभावना है, जिसके मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जारी एडवाइजरी में आमजन से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की अपील की गई है। बाहर निकलते समय सिर व शरीर को ढकने, पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थ जैसे ओआरएस, शिकंजी, आमपना और नींबू पानी का सेवन करने की सलाह दी गई है। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और हल्का भोजन लेने पर भी जोर दिया गया है।
प्रशासन ने किसानों को दोपहर में खेतों में कार्य न करने तथा सुबह-शाम काम करने की सलाह दी है। पशुपालकों से पशुओं को छायादार स्थान पर रखने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
हीट स्ट्रोक के लक्षण जैसे अत्यधिक पसीना, सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी या उल्टी होने पर तुरंत छायादार स्थान पर आराम कर चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की गई है। नगर निकायों द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर शेल्टर होम बनाए गए हैं, जहां पंखा, कूलर और पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध है।
आपात स्थिति में कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077 व 05192-285260 पर संपर्क किया जा सकता है।

