
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
जनपद में आसमान से बरस रही आग और झुलसा देने वाली भीषण गर्मी के बीच विद्युत विभाग की बदहाल व्यवस्था आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। लगातार बढ़ते तापमान ने जहां जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं अघोषित विद्युत कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक लोग दिन-रात बिजली संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
प्रचंड गर्मी के दौर में बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों का चैन और सुकून छीन लिया है। रात के समय हर आधे घंटे में हो रही कटौती से लोगों की नींद हराम हो गई है, वहीं दिन में कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से घरों और बाजारों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी से सबसे अधिक बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं परेशान हैं। बिजली न होने से कूलर और पंखे बेकार साबित हो रहे हैं, जबकि पानी की सप्लाई बाधित होने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
शहर के कई मोहल्लों में 24 घंटे में मात्र 8 से 10 घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। उस पर भी लगातार ट्रिपिंग और कटौती से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। भीषण उमस और गर्मी के कारण लोग बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी दयनीय बनी हुई है। जिले के कई गांव ऐसे हैं जहां लोगों को हफ्तों से नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल सकी है। अंधेरे में रात बिताने को मजबूर ग्रामीणों के सामने पानी, खेती और दैनिक कार्यों का संकट खड़ा हो गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनता का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दे सकता है।

