
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
जनपद में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी फतेहपुर निधि गुप्ता वत्स ने आम जनमानस से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना आवश्यक कार्य के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखा जाए। गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पानी, नींबू पानी, छाछ या ओआरएस का सेवन करें। धूप में निकलते समय सिर ढकने और हल्के सूती कपड़े पहनने की भी सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी ने मजदूरों और किसानों से दोपहर के समय खुले में कार्य करने से बचने तथा सुबह या शाम के समय काम करने को कहा है। चक्कर आना, उल्टी, तेज सिरदर्द या बेहोशी जैसे लू के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।
इसके साथ ही पालतू एवं बेसहारा पशुओं के लिए छाया और पानी की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया है। प्रशासन ने सभी विभागों को सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अस्पतालों में लू से बचाव के लिए अलग वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने खेतों में पराली न जलाने की अपील करते हुए आग लगने की घटनाओं से बचाव पर भी जोर दिया। किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1077 या सीएमओ कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा गया।

