
आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।
चित्रकूट के पहाड़ी कस्बे में मलमास के पावन अवसर पर हवनात्मक एवं अभिषेकात्मक शिवशक्ति महायज्ञ के भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वैदिक परंपराओं के अनुसार तेरहवें मास को मलमास कहा जाता है, जिसमें विवाह जैसे मांगलिक कार्य वर्जित रहते हैं तथा यह पूरा माह भगवान की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए समर्पित माना जाता है।
जानकारी के अनुसार इस वर्ष मलमास 19 मई से प्रारंभ हो रहा है। इसी अवसर पर कस्बा पहाड़ी के मेला मैदान में ब्रह्मर्षि आचार्य धीरेन्द्र जी महाराज प्रयागराज के सानिध्य में हवनात्मक अभिषेकात्मक शिवशक्ति महायज्ञ, संगीतमय श्रीराम कथा तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि लगभग 12 वर्ष पूर्व भी इसी स्थल पर उनके द्वारा भव्य यज्ञ का आयोजन कराया गया था।
आयोजनकर्ता धीरेन्द्र जी महाराज ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 19 मई को मंगल कलश यात्रा के साथ होगी। 20 मई को 33 कोटि देवी-देवताओं का आवाहन किया जाएगा, जबकि 28 मई को 64 ग्राम पंचायतों के श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है।
प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से अंतरराष्ट्रीय कथा प्रवक्ता ग्रीवाचार्य महाराज प्रयागराज द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा। यज्ञ में पूजा-अर्चना डॉ. बलराम जी महाराज अयोध्या, आचार्य ध्यानेश जी महाराज काशी, रमाकांत जी महाराज वृंदावन, दीपक वैदिक काशी तथा चन्द्रमणि शास्त्री सहित कई विद्वान आचार्यों की उपस्थिति में संपन्न होगी।
आयोजनकर्ता ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र के समस्त ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से कराया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।

