
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
फतेहपुर जनपद में संचालित अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर एक बार फिर विवादों में घिर गया है। पूर्व जिलाधिकारी द्वारा सेंटर का रजिस्ट्रेशन निरस्त किए जाने के आदेश के बावजूद अब तक संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार सेंटर का संचालन लंबे समय से निर्धारित नियमों के विपरीत किया जा रहा है। आरोप है कि केंद्र संचालक एक सपा नेता हैं, जिन्हें सत्ता पक्ष के एक मंत्री का संरक्षण प्राप्त होने के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है और जिम्मेदार अधिकारी खुलकर कदम उठाने से बच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शासन द्वारा अल्ट्रासाउंड जांच का समय सुबह 9 बजे से 11 बजे तक तथा शाम 3 बजे से 5 बजे तक निर्धारित किया गया है, लेकिन अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर में पूरे दिन जांच किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे शासन के मानकों की खुली अनदेखी होने का आरोप लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि जब पूर्व जिलाधिकारी द्वारा रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के आदेश दिए जा चुके हैं, तब भी सेंटर का संचालन जारी रहना प्रशासनिक व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई करता है या मामला राजनीतिक दबाव में दबकर रह जाता है।

