
आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता। पहाड़ी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से ई-रिक्शा पलटने का मामला सामने आया है। हादसे में एक मासूम सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गढ़ीघाट के मजरा रइयापुरवा निवासी लखपति (60 वर्ष), श्यामा (30 वर्ष) एवं उनका भतीजा रोहन (8 वर्ष) ई-रिक्शा में सवार होकर ग्राम कलवलिया थाना राजापुर जा रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा कौहारी मोड़ के पास पहुंचा, तभी पहाड़ी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ई-रिक्शा में सवार मासूम रोहन, लखपति, श्यामा तथा चालक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कौहारी श्यामदेव सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

