दौरे होते रहे लेकिन गंदगी किसी को नहीं दिखी, ओम घाट की तस्वीरों ने खोली पोल

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

-नमामि गंगे के निरीक्षणों के बाद भी उत्तरवाहिनी गंगा तट पर लगा कूड़े का अंबार।
फतेहपुर जनपद के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा स्थित उत्तरवाहिनी गंगा के प्रसिद्ध ओम घाट की हालात चिंताजनक बनी हुई है। घाट पर जगह-जगह पूजा सामग्री, प्लास्टिक पॉलिथीन, खाने-पीने के पैकेट और घरेलू कचरे का ढेर लगा है, जो साफ तौर पर “नमामि गंगे” जैसी महत्वाकांक्षी योजना की हकीकत को बेनकाब कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नमामि गंगे अभियान के जिला अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिम्पल तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी समय-समय पर यहां दौरा करते रहे हैं, लेकिन बावजूद इसके घाट की गंदगी किसी को नजर नहीं आई। निरीक्षण सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गए हैं, जबकि धरातल पर स्थिति बेहद खराब बनी हुई है।
श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरी नाराजगी है। लोगों की मांग है कि घाट की तुरंत सफाई कराई जाए, स्थायी कूड़ेदान लगाए जाएं और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि उत्तरवाहिनी गंगा की पवित्रता बनी रह सके।

error: Content is protected !!