हैंडपंप पर पानी के लिए मची लूट, पानी की जलापूर्ति बाधित

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज
हुसैनगंज फतेहपुर।

फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र के भिटौरा विकास खंड के छेऊका हुसैनगंज में करीब 17,000 से अधिक की आबादी वाले कस्बा हुसैनगंज में इन दिनों पानी के लिए मारामारी हो रही है, कस्बे के असनी रोड दुर्गा चौराहा स्थित नलकूप के सहारे करीब तीन दशक से कस्बे वासियों को पानी की सप्लाई की जा रही है। बताते चले कि पाइप लाइन पुरानी और जर्जर होने के चलते आए दिन कुछ न कुछ कमी बनी रहती है। इधर बीते शुक्रवार को नलकूप की मोटर जलने से इतने बड़े कस्बे में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई, गर्मी के मौसम में लोग पानी के लिए इधर-उधर हैंड पंपों में भाग दौड़ कर रहे हैं। सुबह से ही पानी के लिए हैंड पंपों में लाइन लग जाती है। ग्राम पंचायत सचिव शिव वीर साहू की मनमानी के चलते 1 सप्ताह होने को है लेकिन अभी तक मोटर नहीं बनी। जिससे कस्बे वासियों में पानी के लिए त्राहिमाम मची हुई है। नलकूप ऑपरेटर इरशाद अहमद ने बताया की ग्राम प्रधान रमेश गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने सचिव के लिए कहा कि सचिव से बात करके मोटर को मिस्त्री बुलवाकर दिखवा लो क्योंकि पैसा ग्राम पंचायत से ही लगना है। नलकूप ऑपरेटर ने बीते शुक्रवार को पानी की समस्या को लेकर सचिव शिव वीर साहू से बात की तो उनका जवाब था कि प्रधान से बात करके हम बताएंगे लेकिन आज एक सप्ताह बीत गया है अभी तक उन्होंने फोन तक नहीं किया। और यहां हुसैनगंज कस्बे की जनता एक सप्ताह से पानी के लिए इधर-उधर हैंड पंपो पर भटक रही है। ग्राम पंचायत सचिव की हीलाहवाली और मनमानी की शिकायत कस्बे वासियों ने जिला अधिकारी से की है। उधर ग्रामीणों का कहना है कि अगर कल तक नलकूप से कस्बे में पानी की सप्लाई चालू नहीं हुई तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की जाएगी। क्योंकि सचिव की हीलाहवाली के चलते करीब एक सप्ताह हो गए हैं अभी तक मोटर नहीं बन पाई, जिससे कस्बे वासियों के सामने पानी की समस्या मुंहबाएं खड़ी हुई है। उधर जब सचिव शिव वीर साहू से बात की गई तो उनका कहना था कि कस्बे में पानी की सप्लाई की जाती है। लेकिन 50 रुपए प्रति महीना के हिसाब से लोग (पानी का चार्ज) पैसा नहीं देते। यह भी एक बड़ी समस्या है। यह कहकर ग्राम पंचायत सचिव ने पल्ला झाड़ लिया।

error: Content is protected !!