
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर (नि.सं.) जसवन्त विश्वकर्मा।
-श्री जगन्नाथ धाम के नाम से पहचाना जाएगा फतेहपुर-जगद्गुरू रामानंदाचार्य।
-सनातन धर्म को मानने वाले सभी हिंदुओं को मंदिर में प्रवेश मिलेगा।
-हमारे बच्चों को अपने वेद, शास्त्र और धर्मग्रंथों के नाम तक नहीं पता-रामानंदाचार्य।
फतेहपुर – रामगंज पक्का तालाब स्थित हनुमान मंदिर के पास भगवान जगन्नाथ मंदिर का भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्म विभूषण जगद्गुरू रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज हेलीकॉप्टर से पहुंचे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर जगन्नाथ धाम पुरी, ओडिशा के प्रधान दैतापति सेवायत दैतापति भवानी दास महाराज ने भी भूमि पूजन किया।
भाजपा नेता संतोष तिवारी और उनकी पत्नी ललिता तिवारी ने यजमान के रूप में पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया। प्रवचन देते हुए पद्म विभूषण स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म को मानने वाले सभी हिंदुओं को मंदिर में प्रवेश मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर में कोई वीआईपी या वीवीआईपी नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह चित्रकूट को कामतानाथ के नाम से जाना जाता है, उसी तरह अब फतेहपुर जिले को भगवान जगन्नाथ के नाम से जाना जाएगा। स्वामी रामभद्राचार्य ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बन रहा यह भगवान जगन्नाथ मंदिर अब फतेहपुर की पहचान बनेगा। उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि जिस प्रकार पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाती है, उसी प्रकार यह यात्रा हर साल फतेहपुर में भी निकाली जाए।
इस अवसर पर मंत्री बेबीरानी, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू, पूर्व विधायक उदयभान करवरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल, जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, खागा विधायक कृष्णा पासवान, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी समेत जिले के तमाम भाजपा नेता और आमजन भी मौजूद रहे।

भारत हिंदू राष्ट्र तभी बनेगा, जब केंद्र सरकार में 470 सीटें होंगी और 370 हिन्दू सांसद होंगे-रामभद्राचार्य
स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र तभी बनेगा, जब केंद्र सरकार में 470 सीटें होंगी और उसमें भी 370 हिंदू सांसद होंगे। रामभद्राचार्य फतेहपुर में जगन्नाथ मंदिर के भूमि पूजन में पहुंचे थे।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर पहुंचे स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि देश में हिंदुओं पर अत्याचार बढ़ा है। हम सब एकजुट होकर इसे रोकेंगे। देश तभी हिंदू राष्ट्र बनेगा, जब केंद्र सरकार में 470 सीटें होंगी, जिसमें 370 हिंदू सांसद हों।
फतेहपुर जनपद के भिटौरा रोड़ रामगंज पक्का तालाब स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ मंदिर का भूमि पूजन करने के लिए जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य पहुंचे। उन्होंने मंदिर का भूमि पूजन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर संकल्प लें कि देश को हिंदू राष्ट्र बनाने लिए 470 सीटें जीतेंगे। आज के हालात ऐसे हैं कि हमारे बच्चों को अपने वेद, शास्त्र और धर्मग्रंथों के नाम तक नहीं पता है, जबकि मुस्लिम समुदाय का बच्चा-बच्चा कुरान पढ़ता है।
उन्होंने कहा कि जब तक समाज धर्म और संस्कृति से नहीं जुड़ेगा, तब तक एकजुटता और आत्मसम्मान की भावना विकसित नहीं हो सकती है। लोगों से बच्चों को संस्कार और धार्मिक शिक्षा देने का आह्वान किया। उन्होंने चित्रकूट में एक गुरुकुल बनाने की भी बात कही है, जिसमें धर्मशास्त्रों की शिक्षा दी जाएगी। गुरुकुल निर्माण के लिए जगन्नाथ मंदिर निर्माण के आयोजक संतोष तिवारी से गुरु दक्षिणा के रूप में चार लाख ईंटों का दान मांगा, जिसे आयोजक की ओर से स्वीकार कर लिया गया।
बता दें कि जगन्नाथ मंदिर का निर्माण एक एकड़ में होगा। यह मंदिर 18 महीने में पूरा होगा। यहां भी जगन्नाथ धाम पुरी की तरह ही मंदिर में काष्ठ मूर्तियां विराजित होंगी। साल में एक बार रथयात्रा निकाली जाएगी और रोज मिट्टी के बर्तन में प्रसाद बनेगा।

