
आपकी खबरें न्यूज,
भिटौरा फतेहपुर संवाददाता।
आगामी विजयदशमी पर्व पर मूर्ति विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने भिटौरा विसर्जन घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से विसर्जन के लिए गड्ढों की स्थिति की जानकारी ली और घाट पर नाव, गोताखोर व रस्सी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को आदेशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों के विसर्जन घाटों का भ्रमण कर तैयारियों की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। विद्युत विभाग को घाटों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और पीडब्ल्यूडी को सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत व भराई कराने के निर्देश दिए गए, ताकि मूर्ति विसर्जन के समय किसी तरह की दिक्कत न हो। खंड विकास अधिकारी को सभी विभागों से समन्वय बनाकर समय से कार्य पूरा कराने को कहा गया। एसपी ने सीओ सिटी को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने और विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।


