
आपकी खबरें न्यूज,
किशनपुर फतेहपुर संवाददाता।
किशनपुर थाना क्षेत्र के सरौली गांव स्थित गौशाला से शुक्रवार रात गोवंश की तस्करी कर ले जा रहे कार सवार तीन आरोपियों को ग्रामीणों ने घेर लिया। अफवाह फैली कि चोर आए हैं, जिस पर भीड़ ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। आरोपियों ने फायरिंग की और भागते समय कार पलट गई। जान बचाने के लिए आरोपी पास की गौशाला में जा छिपे और खुद ही पुलिस को फोन कर बुला लिया।
पुलिस ने गौशाला से कानपुर जाजमऊ के मोहम्मद आमान, ग्वालटोली निवासी अयूब, अनवरगंज निवासी मोबीन को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। जांच में कार से गोवंश बरामद होने के साथ गोकशी में प्रयुक्त सामग्री काली पॉलीथिन, कपड़ा, लकड़ी के टुकड़े और अन्य औजार मिले। कार की पिछली सीट हटाई गई थी, जिससे तस्करी का शक पुख्ता हुआ।
थानाध्यक्ष के अनुसार पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्कर गांव के ही दो गौपालको कों लूक्कू और यशवंत की मिलीभगत से गौशाला से गोवंश ले जा रहे थे। योजना थी कि किसी सुनसान जगह पर गोकशी कर अवशेष छिपा दिए जाएं। साथ ही प्रतिबंधित मांस को ठिकाने लगा दिया जाए।
ग्राम प्रधान अतुल सिंह की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ बृजमोहन राय ने बताया कि मुख्य आरोपी आमान पर पहले से चकेरी थाने में गोकशी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
खंड विकास अधिकारी रत्नाकर त्रिपाठी ने बताया कि पूरे मामले की जांच पंचायत सचिव से कराई जा रही है। पुलिस तफ्तीश जारी है और गौशालाओं की निगरानी बढ़ाई जा रही है।



