
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज/फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में पिछले 15 दिनों से बिजली के तीन पोल टूटे पड़े हैं, जिससे गांव की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। भीषण गर्मी के बीच रात में बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब पंद्रह दिन पहले आई तेज आंधी में गांव के तीन बिजली पोल गिर गए थे। पोल टूटने के बाद पूरे गांव की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई थी और कई दिनों तक गांव अंधेरे में डूबा रहा। बाद में ग्रामीणों की शिकायत पर बिजली विभाग ने अस्थायी व्यवस्था करते हुए लाइन को कृषि फीडर से जोड़ दिया, जिससे दिन में कुछ समय के लिए बिजली मिलने लगी। हालांकि रात के समय अब भी बिजली आपूर्ति बंद रहती है।
गांव निवासी बड़े लाल विश्वकर्मा ने बताया कि दिन में किसी तरह बिजली मिल जाती है, लेकिन रात में बिजली न आने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। उमस और गर्मी के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
वहीं ग्रामीण इस्तियाज ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हर महीने समय से बिजली बिल जमा किया जाता है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
ग्रामीण राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पहले ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद विभाग की ओर से फोन तो आया, लेकिन अब तक कोई अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचा।
इस संबंध में कैथपुरवा उपकेंद्र के जेई अरविंद सरोज ने बताया कि पोल लगाने का कार्य ठेकेदार को सौंप दिया गया है। पोल उपलब्ध न होने के कारण कार्य में देरी हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही पोल उपलब्ध होंगे, उन्हें लगाकर गांव की नियमित बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

