
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में शनिवार को शराब ठेके के सामने विवाद के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग किए जाने का आरोप है। गोली लगने से मनीष दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने मृतक के परिजनों से भी बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

पुलिस ने शराब ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, नामजद आरोपियों अमन सिंह और मनु सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए असनी और नरही गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के मुताबिक वर्तमान में गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।
मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक हुसैनगंज सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। मृतक के शव के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई नियमानुसार कराई जा रही है।


