106 वर्षों पुरानी फूलडोल परंपरा में उमड़ा जनसैलाब, भव्य सवारियों ने मोहा मन

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज कस्बे में 106 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक फूलडोल मेले की परंपरा इस वर्ष भी पूरे धार्मिक उल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुई। रविवार रात आयोजित बड़ी सवारियों में भगवान गणेश, भगवान शंकर, हनुमान जी, अंगद, भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कस्बे सहित दूर-दराज गांवों से पहुंचे हजारों लोगों ने मेले का आनंद उठाया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के साथ हुई। इसके बाद सवारियां डीजे की धुनों और जयकारों के बीच पूरे कस्बे में भ्रमण करती रहीं। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक लिल्ली घोड़ी का नृत्य और डीजे प्रतियोगिता मेले का प्रमुख आकर्षण बने रहे।


रंग-बिरंगी झालरों और विद्युत सज्जा से सजा पूरा कस्बा रातभर जगमगाता रहा। सवारियों का समापन पुरानी बाजार स्थित रामलीला मैदान में हुआ, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
मेले के बाद देर रात तक आयोजित धुंवाधार नौटंकी ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। आसपास के गांवों और कस्बों से भी बड़ी संख्या में लोग नौटंकी देखने पहुंचे। पूरे आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन मुस्तैद रहा तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया।

error: Content is protected !!