10 साल से जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीण,लाला का पुरवा में आवागमन हुआ दूभर

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

फतेहपुर जनपद के देवमई विकास खण्ड के ग्राम पंचायत लाला का पुरवा में बदहाल सड़क ने ग्रामीणों का जीवन मुश्किल कर दिया है। गांव की मुख्य सड़क पिछले करीब 10 वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ी है, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं कराया गया। गांव निवासी रामराज पुत्र बृजलाल के अनुसार खराब सड़क के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है।
वहीं ग्रामीण शिव कुमार ने बताया कि गांव में पहले खड़ंजा मार्ग बनाया गया था, जो अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी जमा रहता है, जिससे लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। बीते तीन वर्षों में स्थिति और भी खराब हो गई है।
बरसात के मौसम में हालात बद से बदतर हो जाते हैं। जलभराव और गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है। छोटे-छोटे बच्चे भी मजबूरी में गंदे पानी के बीच से निकलने को विवश हैं।
एक ओर सरकार स्वच्छता और ग्रामीण सड़क योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी इन दावों की पोल खोल रही है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी देवमई प्रदीप यादव से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। अब देखना यह है कि खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर क्या कार्रवाई करता है या फिर ग्रामीणों की परेशानी यूं ही बनी रहती है।

error: Content is protected !!