पांच माह से बंद जलापूर्ति, बूंद-बूंद पानी को तरसे क्षेत्रवासी

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।

वार्ड नंबर 8 के रघुनाथपुर क्षेत्र में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच इलाके की पानी की टंकी और जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बदहाल होने से करीब चार हजार से अधिक आबादी पानी के लिए परेशान है। स्थानीय लोगों में विभागीय लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार नई बोरिंग होने के बावजूद पिछले करीब पांच माह से उसमें मोटर नहीं लगाई गई है, जिससे जलापूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। वहीं पुरानी व्यवस्था में लगा कम्प्रेसर भी खराब हो चुका है। ऑपरेटर द्वारा कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग सिर्फ आश्वासन देने तक सीमित है। लोगों का कहना है कि जब पहले से संचालित योजनाओं का ही सही संचालन नहीं हो पा रहा है तो नई योजनाओं पर भरोसा कैसे किया जाए। हाल ही में मंत्री अनिल राजभर द्वारा क्षेत्र में कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर मूलभूत सुविधाएं बदहाल बनी हुई हैं।
पेयजल संकट के चलते महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ क्षेत्रवासियों का आक्रोश भी तेज होता जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

error: Content is protected !!