खनन माफियाओं का कहर-दंपति से मारपीट, कपड़े फाड़े, जातिसूचक गालियां देने का आरोप

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
बंथरा लखनऊ संवाददाता।

बन्थरा थाना क्षेत्र में अवैध खनन और लकड़ी कटान से जुड़े दबंगों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को खाण्डेदेव गांव की एक महिला और उसके पति के साथ मारपीट व अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खाण्डेदेव निवासी अनीता के मुताबिक, उनके पति महेश (पेशा-ड्राइवर) गुरुवार सुबह गांव के ही शमशेर लोधी के साथ गोरखपुर जाने के लिए वाहन लेकर निकले थे। गांव के बाहर स्थित सरकारी तालाब के पास पहले से घात लगाए बैठे आशुतोष उर्फ आशू, उसका पुत्र प्रखर, इमरान और सारिक ने बाइक सवार महेश व शमशेर को रोक लिया। आरोप है कि चारों ने गाली-गलौज करते हुए महेश को बाइक से खींच लिया और लोहे की रॉड व डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलने पर अनीता अपनी देवरानी के साथ मौके पर पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। पीड़िता का आरोप है कि दबंगों ने मारपीट के दौरान कपड़े तक फाड़ दिए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद घायल महेश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक बन्थरा को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन व लकड़ी कटान से जुड़े लोगों का दबदबा बना हुआ है, जिससे आम ग्रामीणों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!