
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
पंद्रहवें वित्त आयोग के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में आवंटित धनराशि से कराए जाने वाले विकास कार्यों की स्वीकृति को लेकर सोमवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न नगर निकायों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद फतेहपुर, नगर पालिका परिषद बिन्दकी, नगर पंचायत खागा, नगर पंचायत हथगांव एवं नगर पंचायत कोड़ा जहानाबाद द्वारा विकास कार्यों के लिए प्रस्तुत प्रस्तावों का बिंदुवार परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रस्ताव निर्धारित नियमों व मानकों के अनुरूप हों और उनकी भली-भांति जांच सुनिश्चित की जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित कार्य संबंधित नगर निकाय की सीमा के अंतर्गत ही हों तथा किसी अन्य योजना से आच्छादित न हों। साथ ही कार्यों की पुनरावृत्ति न हो। यदि किसी सड़क के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है तो यह प्रमाणित किया जाए कि उसका पूर्व निर्माण कब हुआ था और वर्तमान स्थिति क्या है। इसके लिए आवश्यक प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत किए जाएं।
बैठक के दौरान नगर पालिका परिषद फतेहपुर के अवर अभियंता (जल) द्वारा प्रस्ताव से संबंधित सटीक जानकारी प्रस्तुत न किए जाने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। डीएम ने जल निगम शहरी के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि नगर पालिका परिषद फतेहपुर क्षेत्र में सीवर नेटवर्क से जुड़े प्रस्तावित कार्यों की समुचित कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों की समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को असुविधा न हो। पाइपलाइन से संबंधित कार्यों में भी गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वित्त आयोग की धनराशि का उपयोग पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा सभी कार्य तय समय सीमा में पूर्ण हों।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), संबंधित नगर निकायों के अध्यक्षगण, अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


