मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग का तालाब में मिला शव, पांच दिन से था लापता

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
थरियांव फतेहपुर संवाददाता।

थरियांव थाना क्षेत्र के मलांव गांव में पांच दिन पूर्व घर से लापता हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग का शव सोमवार दोपहर गांव के किनारे स्थित तालाब में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। जानकारी के अनुसार मलांव गांव निवासी शिवप्रसाद (70) पुत्र शिव बालक लोधी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजनों के मुताबिक वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाते थे और कुछ दिन बाद वापस लौट आते थे। लगभग दस वर्ष पूर्व उनकी पत्नी का बीमारी के चलते निधन हो गया था।
बताया जाता है कि बीते बृहस्पतिवार देर शाम शिवप्रसाद अचानक घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने आसपास के गांवों व रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों ने गांव के किनारे बने तालाब में एक शव उतराता देखा। पहचान करने पर वह शिवप्रसाद निकले। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर सुनते ही बेटा लवकुश लोधी, शिव शंकर लोधी तथा बेटियां शकुंतला व भुवनेश्वरी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!