
आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।
पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने सोमवार को भारतेन्दु सभागार, वाराणसी में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन सहित कार्मिक, इंजीनियरिंग और विधि शाखा के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य था-लंबित आर्बिट्रेशन केसों की प्रगति की समीक्षा तथा मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को समापक भुगतान एवं अनुकम्पा नियुक्ति मामलों के शीघ्र निस्तारण पर चर्चा। बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से मृतक आश्रितों से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बताया गया कि अधिकांश मामलों में आश्रितों के नाबालिग होने, शिक्षा जारी रहने या आश्रित न मिलने के कारण नियुक्ति प्रक्रियाए लंबित हैं। अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने सभी प्रकरणों की क्रमवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को युक्तियुक्त निर्णय लेकर मामलों को त्वरित निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मृतक कर्मचारियों के परिवारों को समय से सहायता मिलना रेलवे प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-II विनीत कुमार, उप मुख्य इंजीनियर निर्माण पंकज पाण्डेय, वरिष्ठ विधि अधिकारी राहुल श्रीवास्तव, विधि अधिकारी वाराणसी रामनिहोरा लाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

