
आपकी खबरें न्यूज,
जमशेदपुर संवाददाता।
लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वर्णरेखा नदी अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और श्रद्धालुओं की सुविधा और सहूलियत को सर्वोपरि रखने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। विधायक पूर्णिमा साहू ने सीताराम डेरा क्षेत्र के पांडे घाट, भुइयांडीह कल्याण नगर मुर्गा पाड़ा, बाबूडीह झरना घाट, बाबूडीह बारा घाट के साथ-साथ बारीडीह क्षेत्र के बागुनहातु डोंगा घाट, बिहार बस्ती घाट, सूखा तालाब घाट, तिलकनगर घाट, बारीडीह बस्ती जिला स्कूल घाट, भोजपुरी कॉलोनी घाट और निराला पथ घाट का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और छठ पूजा समितियों से बातचीत की तथा घाटों की मौजूदा स्थिति, आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि श्रद्धालुओं और व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती तथा एनडीआरएफ/एसडीआरएफ टीम की मौजूदगी जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद घाटों की सफाई और व्यवस्था की रफ्तार में तेजी आयी है। छठ पर्व के मद्देनजर आने वाले दिनों में उनका प्रयास रहेगा कि जहां भी कोई कमी या आवश्यकता दिखे, उसे तत्काल दूर किया जाए, ताकि छठ पर्व बिना किसी परेशानी के श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, बारीडीह मंडल अध्यक्ष जीवन साहू, सीतारामडेरा मंडल उपाध्यक्ष रंजीत सिंह, कंचन दत्ता, कुमार अभिषेक समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे।


