गंगा घाट में नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई, धूमधाम से हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन

Spread the love
दुर्गा प्रतिमाओं का नम आंखों से किया भू विसर्जन

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

शारदीय नवरात्र की संपन्नता के साथ ही गुरुवार दोपहर बाद से हुसैनगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम आरंभ हुआ जो शुक्रवार की देर रात तक चलता रहा। पांच दर्जन से अधिक पूजा समितियों की प्रतिमाओं को भक्तों ने सजल नेत्रों से विदा किया।
कस्बे के प्रत्येक गली-चौराहे से होकर निकले जुलूस में डीजे की गूंज, अबीर-गुलाल और जयकारों की गूंज के बीच भक्तजन मां भगवती की प्रतिमा के साथ भावभीनी विदाई देते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचे। भक्तों ने मां से अगले वर्ष पुनः आने का आह्वान किया।
कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए प्रतिमाओं का जुलूस जब-जब निकला, लोग छतों और गलियों से दर्शन कर मां के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते रहे। पूजा समितियों के तत्वावधान में सजे-धजे जुलूस में जहां मां के जयघोष गूंज रहे थे वहीं युवाओं और बच्चों में नृत्य और उल्लास का उत्साह देखते ही बनता था। दुर्गा चौराहा, बैंक आफ बड़ौदा, मुस्लिम चौक, गुड़ मंडी, पुरानी बाजार, छेऊका, तिवारीपुर समेत कई मोहल्लों से निकली प्रतिमाओं का विसर्जन क्षेत्र के असनी स्थित गंगा नदी में क्रमवार रूप से किया गया। नदी तट पर भारी भीड़ उमड़ी और हर विसर्जन के साथ भक्तों के नयन भर आते। दुर्गा चौराहा हुसैनगंज, भैरव बाबा छेऊका, चन्दीपुर, गौराचुरियारा, महेशपुर, भदार, बेरागढिवा, गोपलापुर, मालीपुर, सहनीपुर से निकले विसर्जन जुलूस में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भारी भीड़ शामिल रही। ढोल-नगाड़ों और डीजे की थाप पर ग्रामीणों ने मां की प्रतिमा के आगे नृत्य कर अपनी भक्ति भावनाओं का इजहार किया। इस दौरान कई जगहों पर झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें मां दुर्गा के विभिन्न रूपों और पौराणिक प्रसंगों का चित्रण कर दर्शकों को आकर्षित किया गया। झांकियों ने राहगीरों और श्रद्धालुओं का खूब मन मोह लिया।
विसर्जन स्थल पर प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था कड़ी रही। सुरक्षा बलों की तैनाती से विसर्जन शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
वहीं भक्तों की भीड़ उमड़ी और देर रात तक प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम चलता रहा। इस प्रकार असनी और रामचंद्र गंगा घाट में मां दुर्गा के जयकारों के बीच भावनाओं से परिपूर्ण वातावरण में प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने मां से कस्बे और क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हुए अगले वर्ष पुनः स्वागत करने का प्रण लिया।

error: Content is protected !!